सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ क्षेत्र में 80 लोग विषाक्त भोजन खाने से बीमार हो गए हैं। इन सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बलौदाबाजार के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बताया गया है कि कल बिलाईगढ़ क्षेत्र के रानीगढ़-छुइहा गांव में एक परिवार के दशगात्र कार्यक्रम से भोजन करने के बाद अचानक इन लोगों उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत होने लगी। इन सभी को तत्काल धनसीर और बिलाईगढ़ के स्वास्थ्य केन्द्रों में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा गांव में शिविर लगाकर सभी मरीजों की जांच की जा रही है। इसके अलावा ये अधिकारी घरों में जाकर भी उन लोगों के जांच कर रहे है, जो दशगात्र में शामिल हुए थे। इन अधिकारियों ने संबंधित परिवार द्वारा बनाए गए भोजन के नमूने भी जांच के प्राप्त कर लिए हैं। फिलहाल सभी पीड़ितों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।