फ़रवरी 1, 2026 9:19 पूर्वाह्न

printer

सात साल बाद वेनेजुएला में अमेरिकी राजनयिक मिशन फिर से खोला, चार्ज डी’अफेयर्स लौरा डोगू काराकास पहुंचीं

सात साल के टूटे संबंधों के बाद वेनेजुएला में अमरीकी राजनयिक मिशन को फिर से खोलने के लिए अमरीकी चार्ज डी’अफेयर्स लौरा डोगू काराकास पहुंच गई हैं। यह कदम अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आदेश पर हुई सैन्य कार्रवाई के एक महीने बाद उठाया गया है जिसके तहत दक्षिण अमरीकी देश के तत्कालीन नेता निकोलस मादुरो को सत्ता से हटा दिया गया था। वेनेजुएला स्थित अमरीकी दूतावास के कल के संदेश में डोगू ने कहा कि उनकी टीम काम करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने माइकेटिया हवाई अड्डे पर उतरने की तस्वीरें भी साझा कीं।

वेनेजुएला और अमरीका ने फरवरी 2019 में मादुरो के फैसले के बाद राजनयिक संबंध तोड़ दिए थे। उसी वर्ष जनवरी में ट्रम्प द्वारा सांसद जुआन गुआइदो को सार्वजनिक समर्थन देने के बाद दोनों देशों ने आपसी सहमति से अपने दूतावास बंद कर दिए थे।

वेनेजुएला के विदेश मंत्री इवान गिल ने टेलीग्राम के संदेश में कहा कि डोगू का आगमन आपसी सम्मान और अंतरराष्ट्रीय कानून के आधार पर राजनयिक वार्ता के माध्यम से मौजूदा मतभेदों से निपटने और उन्हें हल करने के लिए एक संयुक्त कार्यक्रम का हिस्सा है।