मार्च 16, 2026 10:18 अपराह्न

printer

सात विदेशियों को एनआईए की 11 दिन की हिरासत में भेजा गया

दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट स्थित विशेष एन.आई.ए. अदालत ने सात विदेशियों को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एन.आई.ए.) की 11 दिन की हिरासत में भेज दिया है। इन सात विदेशियों में, दिल्ली से गिरफ्तार किए गए तीन यूक्रेनी नागरिक, लखनऊ से तीन और कोलकाता से एक अमरीकी नागरिक शामिल हैं।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने बंद कमरे में सुनवाई की। एन.आई.ए. ने मामले की जांच के लिए 15 दिन की हिरासत मांगी थी। आरोप है कि ये विदेशी वीजा पर भारत आए और फिर मिजोरम में दाखिल हुए, जो एक संरक्षित क्षेत्र है। इसके बाद वे म्यांमा में दाखिल हुए और जातीय युद्ध समूहों से संपर्क किया।

एन.आई.ए. का आरोप है कि उन्हें म्यांमा में प्रशिक्षित किया गया था और वे जातीय समूहों को प्रशिक्षण दे रहे थे। ये समूह भारत में विद्रोही गुटों से जुड़े हुए हैं। यह भी आरोप है कि वे यूरोप से भारत के रास्ते ड्रोन की एक बड़ी खेप लाए थे।