राज्य में सातवें चरण के तहत पहली जून को राजमहल, दुमका और गोड्डा में होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सभी इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मतदाताओं के लिए कई सुविधाओं का इंतजाम किया जा रहा है। इसके तहत दुमका संसदीय क्षेत्र के जामताड़ा जिले में अधिकारियों और कर्मियों का प्रशिक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है। इस सिलसिले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कुमुद सहाय ने कल न्यू पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर स्थित सुविधा केंद्र, सामग्री कोषांग और वेयरहाउस का निरीक्षण किया। मौके पर उन्होंने जिले में निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान संपन्न कराने को लेकर अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इधर, राजमहल सीट के लिए इस बार कुल 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। इस लोकसभा क्षेत्र में साहिबगंज और पाकुड़ जिले भी शामिल हैं। हमारे साहेबगंज संवाददाता ने बताया है कि मतदान में रुचि बढ़ाने के लिए विभिन्न मतदान केंद्र पर डॉल्फिन बूथ, सोहराय पेंटिंग और फॉसिल्स पार्क जैसे लोक आकर्षण वाले पेंटिग्स से बूथों को सजाया गया है।