सागर जिले के शाहपुर में आज सुबह एक दीवार गिरने से 9 बच्चों की मौत के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने शाहपुर नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ और उप यंत्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मुख्मयमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अपने संदेश में कहा कि सागर जिले अंतर्गत नगर परिषद शाहपुर में जर्जर मकानों को चिन्हित करते हुए नोटिस भी जारी किए गए थे, किंतु संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थानीय प्रशासन को अवगत नही कराया गया। इस लापरवाही में दोषी पाए दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर में जर्जर भवनों को चिन्हित करके विधिसम्मत कार्यवाही की करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक बच्चों के परिजनों को शासन की तरफ से 4 -4 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाने की घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि आज सुबह सागर जिले के शाहपुर में हरदौल मंदिर में पार्थिव शिवलिंग बनाने के लिए आठ से 14 साल के बच्चे भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
तभी मंदिर परिसर में करीब पचास साल पुरानी एक कच्ची दीवार भराभरा कर बच्चों के ऊपर गिरी, जिससे करीब 9 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई और चार घायल है। घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव मौके पर पहुंचे थे।