अगस्त 11, 2025 7:52 अपराह्न

printer

सांस्कृतिक विविधताओं के बावजूद, भारतीय राष्ट्रीय ध्वज देश को एकजुट रखने का प्रतीक- गजेंद्र सिंह शेखावत

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ज़ोर दिया है कि सांस्कृतिक विविधताओं के बावजूद, भारतीय राष्ट्रीय ध्वज देश को एकजुट रखने का प्रतीक है। आज नई दिल्ली में ‘हर घर तिरंगाअभियान के अवसर पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए, उन्‍होंने भारत और विदेश में रहने वाले प्रत्येक नागरिक से इस अभियान में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जल शक्ति, गृह मंत्रालय, युवा और खेल मामलो के मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालय, समग्र सरकारी दृष्टिकोण का पालन करते हुए, इस अभियान में भाग ले रहे हैं। श्री शेखावत ने इस बात पर प्रकाश डाला कि देश भर से पांच लाख से ज़्यादा स्वयंसेवक हर घर तिरंगा अभियान में भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा सिर्फ़ एक अभियान ही नहीं, बल्कि एक भावनात्मक आंदोलन है जो एक अरब 40 लाख भारतीयों को राष्ट्रीय ध्वज के शाश्वत रंगों के तले एकजुट करता है। उन्‍होंने यह भी कहा कि इस अभियान का उद्देश्य देशभक्ति की भावना जगाना, नागरिक गौरव को बढ़ावा देना और देश के लोकतंत्र और स्वतंत्रता के जीवंत प्रतीक के रूप में तिरंगे के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना है।

    इस वर्ष हर घर तिरंगा कार्यक्रम का चौथा संस्करण है। संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, इस अभियान के उपलक्ष्य में इस बार कई सामूहिक प्रयासों की योजना बनाई गई है। इनमें हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, तिरंगा प्रश्नोत्तरी, तिरंगा पत्र लेखन और तिरंगा राखी बनाना आदि शामिल हैं।