सहकारिता मंत्री अमित शाह कल गांधीनगर में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्रियों की उच्च स्तरीय मंथन बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सहकारिता मंत्रालय ने कहा कि यह मंच मंत्रालय की प्रमुख पहलों की व्यापक समीक्षा, प्रगति का आकलन, राज्यों से सर्वोत्तम प्रथाओं और अनुभवों का आदान-प्रदान और भविष्य के लिए एक समन्वित रोडमैप तैयार करने में सहायक होगा।
चर्चा में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित की जा रही 2 लाख नई बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियों, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन सहकारी समितियों की प्रगति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में निर्यात, जैविक खेती और गुणवत्तापूर्ण बीज आपूर्ति के क्षेत्रों में सहकारी समितियों को मजबूत करने के लिए नवगठित राष्ट्रीय स्तर की सहकारी संस्थाओं में राज्यों की भूमिका, भागीदारी और अपेक्षाओं पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। यह बैठक सहकारी संघवाद की भावना को मजबूत करेगी और केंद्र एवं राज्यों के बीच घनिष्ठ समन्वय को बढ़ावा देगी। इसका उद्देश्य सहकारी समितियों को जमीनी स्तर पर समृद्धि, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता का एक शक्तिशाली साधन बनाना है।