सर्वोच्च न्यायालय ने आज, 2020 में चीन के साथ गलवान घाटी में हुई झड़प के संदर्भ में, भारतीय सेना के बारे में, विपक्ष के नेता राहुल गांधी की कथित अपमानजनक टिप्पणियों पर नाराजगी जताई। न्यायालय ने सुनवाई के दौरान श्री गांधी की टिप्पणियों को मौखिक रूप से खारिज कर दिया।
न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति ए.जी. मसीह की पीठ ने कहा कि विपक्ष का नेता होने के नाते श्री राहुल गांधी को ऐसी कोई भी टिप्पणी सोशल मीडिया पर नहीं, बल्कि संसद में करनी चाहिए। न्यायमूर्ति दत्ता ने गांधी के इस दावे पर सवाल उठाया कि चीन ने 2,000 वर्ग किलोमीटर भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है। सीमा सड़क संगठन – बीआरओ के एक पूर्व निदेशक द्वारा दायर आपराधिक मानहानि के मामले पर रोक लगाते हुए, शीर्ष अदालत ने, इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा कार्यवाही रद्द करने से इनकार करने के खिलाफ गांधी की याचिका पर एक नोटिस जारी किया और उच्च न्यायालय के निर्णय पर तीन सप्ताह के लिए अंतरिम रोक लगाई। इससे पहले, 29 मई को उच्च न्यायालय ने मानहानि मामले और लखनऊ एमपी/एमएलए अदालत द्वारा फरवरी 2025 के समन आदेश के खिलाफ राहुल गांधी की याचिका खारिज कर दी थी।