सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण(एसआईआर) में निर्वाचन आयोग की सहायता के लिए सेवारत और पूर्व जिला न्यायाधीशों की तैनाती का निर्देश दिया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और विपुल एम पंचोली की पीठ ने राज्य में एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने के लिए कई नए निर्देश जारी किए। पीठ ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से न्यायिक अधिकारियों को उपलब्ध कराने और एसआईआर कार्य में सहायता के लिए पूर्व न्यायाधीशों की तलाश करने का अनुरोध किया।
न्यायालय ने राज्य सरकार द्वारा संशोधन प्रक्रिया के लिए पर्याप्त ‘ए’ श्रेणी के अधिकारियों को उपलब्ध न कराने पर गंभीर संज्ञान लिया। सर्वोच्च न्यायालय ने निर्वाचन आयोग को 28 फरवरी तक राज्य में मतदाताओं की मसौदा सूची प्रकाशित करने की अनुमति दी, साथ ही निर्वाचन आयोग को बाद में पूरक सूचियां जारी करने की भी अनुमति दी। पीठ ने राज्य के जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को एसआईआर कार्य के लिए तैनात न्यायिक अधिकारियों को सहायता और सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया। शीर्ष न्यायालय ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को 21 फरवरी तक मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी सहित सभी हितधारकों की बैठक बुलाने का निर्देश दिया।