फ़रवरी 27, 2026 7:51 पूर्वाह्न

printer

सर्वोच्‍च न्‍यायालय के निर्देश पर कल जारी की जाएगी पश्चिम बंगाल की अपूर्ण अंतिम मतदाता सूची

सर्वोच्‍च न्‍यायालय के निर्देश पर पश्चिम बंगाल की अपूर्ण अंतिम मतदाता सूची कल जारी की जाएगी। इसमें उन मतदाताओं के नाम भी शामिल होंगे, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत जिनके दस्‍तावेज और दी गई जानकारी का अभी न्‍यायिक सत्यापन होना है। निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार एसआईआर प्रक्रिया की शुरूआत में राज्‍य में सात करोड़ 66 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम थे। इसमें से लगभग 58 लाख फर्जी, लापता, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं के नाम मसौदा सूची से पहले ही हटा दिए गए हैं। शेष 7.8 करोड़ मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में शामिल होंगे।

निर्वाचन आयोग ने मुख्‍यमंत्री ममता बैनर्जी का यह दावा खारिज कर दिया है कि अंतिम सूची से एक करोड़ बीस लाख मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं। राज्‍य के मुख्‍य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने स्‍पष्‍ट किया कि मतदाता सूची सर्वोच्‍च न्‍यायालय के निर्देशों के अनुसार जारी की जाएगी। उन्‍होंने कहा कि कल अंतिम सूची जारी होने के बाद से चुनाव अधिसूचना जारी होने तक निपटाये गये और स्वीकृत मामले, अंतिम सूची का हिस्‍सा माने जाएंगे। जिन मामलों का समाधान नहीं हो सका है उन मतदाताओं के नाम के साथ अधिनिर्णय या हटाया गया लिखा होगा।