मार्च 14, 2026 2:22 अपराह्न

printer

सरकार ने सोनम वांगचुक की हिरासत तत्काल प्रभाव से रद्द की

सरकार ने लद्दाख के सोनम वांगचुक की हिरासत तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। उन्हें पिछले वर्ष सितंबर में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के अंतर्गत हिरासत में लिया गया था। गृह मंत्रालय ने कहा कि सोनम वांगचुक को पिछले साल लेह शहर में उत्पन्न गंभीर कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर हिरासत में लिया गया था। मंत्रालय ने कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लेह के जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के तहत उन्हें एनएसए के प्रावधानों के अंतर्गत हिरासत में लिया गया था।

गृह मंत्रालय ने बताया कि सरकार लद्दाख में शांति, स्थिरता और आपसी विश्वास का माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्रालय ने कहा कि सरकार चाहती है कि सभी हितधारकों के साथ रचनात्मक और सार्थक संवाद स्थापित किया जा सके। मंत्रालय ने कहा कि इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए और उचित विचार-विमर्श के बाद हिरासत रद्द करने का निर्णय लिया गया है। सरकार ने लद्दाख की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। गृह मंत्रालय ने कहा कि उसे उम्मीद है कि उच्चाधिकार समिति और अन्य उपयुक्त मंचों सहित रचनात्मक बातचीत और संवाद के माध्यम से क्षेत्र से संबंधित मुद्दों का समाधान हो जाएगा।