सरकार ने नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के बारे जागरुकता बढ़ाने से संबंधित राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। युवा मामले और खेल मंत्रालय ने आज एक बयान में कहा कि यह प्रतियोगिता, मेरा युवा भारत पहल के अंतर्गत आयोजित की जा रही है और नागरिक, माय भारत पोर्टल पर क्विज़ में भाग ले सकते हैं। सभी प्रतिभागियों को एक ई-प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
मंत्रालय ने कहा कि प्रतिभागियों में देशभक्ति की भावना को बढ़ाने और तिरंगे के बारे में जागरूकता पैदा करने के अनुरूप क्विज़ प्रतियोगिता का प्रारूप तैयार किया गया है। मंत्रालय के अनुसार केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडाविया की उपस्थिति में सियाचिन की यात्रा के लिए पच्चीस शीर्ष प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। पच्चीस विजेताओं का अंतिम चयन शीर्ष स्कोर करने वाले प्रतियोगियों में से कंप्यूटर आधारित लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।