सरकार ने कानपुर के राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान में वैमानिकी और रक्षा क्षेत्र में कौशल विकास के लिए एक राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की घोषणा की है। यह केंद्र फ्रांस सरकार के सहयोग से प्रधानमंत्री कौशल विकास और रोजगार क्षमता रूपांतरण योजना के अंतर्गत स्थापित किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के उद्घाटन पर फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ यह घोषणा की।
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि यह केंद्र वैश्विक स्तर पर सक्षम विमानन पेशेवरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ उभरते और उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में फ्रांस के साथ देश की रणनीतिक साझेदारी भी मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल वैश्विक मानकों के अनुरूप कौशल विकास, गतिशीलता को सक्षम बनाने और युवाओं को वैमानिकी, रक्षा तथा उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों में उभरते अवसरों के लिए तैयार करने की सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाती है।