सरकार ने कहा है कि कंबोडिया में भारतीय नागरिकों को अवैध साइबर कार्य के लिए बाध्य करने से जुड़ी शिकायतों पर भारतीय दूतावास तुरंत कार्रवाई कर रहा है। इन लोगों को नौकरी का झांसा देकर कंबोडिया ले जाया गया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कंबोडिया में फंसे भारतीयों के संबंध में कहा कि भारत कंबोडियाई अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 250 भारतीयों को वापस लाया गया है। इनमें से 75 भारतीय पिछले तीन महीनों में भारत आए हैं। श्री जयसवाल ने कहा कि ऐसे घोटालों के बारे में विदेश मंत्रालय और कंबोडिया में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों को कई परामर्श भी जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत कंबोडिया में सहायता चाहने वाले सभी भारतीय नागरिकों की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री जयसवाल ने कहा कि भारत इन धोखाधड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों पर रोक लगाने के लिए भी कंबोडियाई अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।