केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने आज कहा कि सरकार देश के प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित और सतत पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत 16 करोड़ से अधिक परिवारों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल रहा है। उन्होंने बताया कि मिशन ने अभूतपूर्व प्रगति की है और 80 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल का कनेक्शन मिल चुका है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन – डब्ल्यू एच ओ की रिपोर्ट के अनुसार घरों को नल का पेयजल उपलब्ध कराकर लगभग 84 लाख करोड़ रुपये की बचत की गई है। उन्होंने बताया कि मिशन के तहत 25 लाख महिलाओं को फील्ड टेस्टिंग किट का उपयोग करके जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण दिया गया है। इस पहल ने पानी के गुणवत्ता मानकों को पूरा करते हुए सामुदायिक निगरानी को मजबूत किया है। इंदौर और गांधीनगर में दूषित पानी की घटनाओं के मुद्दे पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि ये अलग मामले हैं और राज्य सरकार इस संबंध में उचित कार्रवाई कर रही है।