सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्योग मंत्री जीतन राम मांझी ने आज कहा कि सरकार का लक्ष्य, भारत के एम.एस.एम.ई. उद्यमों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना है। श्री मांझी ने नई दिल्ली में वर्ल्ड फ्यूचर्स फोरम के उद्घाटन सत्र में कहा कि वर्तमान में दुनिया, भारत के साथ व्यापार करने के लिए तत्पर है। उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र में डिजिटलीकरण और एआई के उपयोग पर विचार प्रदान करके इसे सशक्त बनाने के लिए फोरम की सराहना की।
श्री मांझी ने ग्रामीण क्षेत्रों में एम.एस.एम.ई. के विकास की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि गांवों के विकास के बिना देश का पूर्ण विकास नहीं हो सकता। उन्होंने 33 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार देने वाले देश के 75 लाख से अधिक एम.एस.एम.ई. की भी सराहना की। वर्ल्ड फ्यूचर्स फोरम, अमरीका के विश्व उद्यमिता विकास संगठन का एक द्विवार्षिक मंच है। इसकी मेजबानी, इंडिया एसएमई फोरम करता है।