नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा है कि केंद्र सरकार आंध्रप्रदेश के प्रमुख मंदिरों के पास के पर्यटन स्थलों का समग्र विकास करने की योजना बना रही है।
यह कार्य प्रसाद योजना – तीर्थयात्रा पुनरुद्धार और आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान के अंतर्गत किया जाएगा।
श्री नायडू ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के तीर्थस्थलों पर बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को सुदृढ़ करना चाहती है ताकि आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले।
उन्होंने बताया कि प्रसाद योजना का उद्देश्य मंदिर नगरों में आवाजाही, स्वच्छता और अन्य पर्यटक सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार में आंध्रप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं और बेहतर बुनियादी ढांचे से राज्य के विकास की गति तेज़ होगी।
श्री नायडू ने यह भी कहा कि आंध्रप्रदेश वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रहा है और निकट भविष्य में कई नए उद्योग स्थापित होने की संभावना है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।