उत्तर प्रदेश ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी “समृद्धि” योजना में शानदार प्रदर्शन किया है। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की तरफ से संचालित इस योजना में राज्य के 10 में से 4 एक्सेलेरेटर चयनित हुए हैं। इनके माध्यम से 35 स्टार्ट अप्स को त्वरित सहायता दी गई और 27 को वित्त पोषण प्राप्त हुआ है। इस योजना के तहत कुल 9 करोड़ 91 लाख रुपये वितरित किए गए।
यह योजना प्रति स्टार्टअप 40 लाख रुपए तक सहायता राशि प्रदान करती है, जिससे एक्सेलेरेटर लाभान्वित होते हैं। हेल्थटेक, एडटेक, एग्रीटेक, फिनटेक, सॉफ्टवेयर सर्विसेज और कंज्यूमर टेक क्षेत्रों में सक्रिय ये स्टार्टअप्स उत्तर प्रदेश की प्रौद्योगिकी-आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बना रहे हैं।