सप्ताह भर चलने वाला कुल्लू दशहरा आज भगवान रघुनाथजी की रथ यात्रा से शुरू हो जाएगा। भगवान रघुनाथजी को उनके सुल्तानपुर स्थित मंदिर से शोभा यात्रा के रूप में ढालपुर मैदान लाया जाएगा।
वहां से उन्हें रथ पर बिठाकर उनके अस्थाई शिविर ले जाया जाएगा तथा आगामी सात दिन वे वही विराजमान रहेंगे। मेले में भाग लेने के लिए दूरदराज के क्षेत्रो से देवी-देवता कुल्लू पहुँच चुके है। देवी हडिम्बा भी आज सुल्तानपुर पहुंचेगी तथा उनके आने के बाद ही रघुनाथजी वहां से ढालपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ढालपुर में रथ यात्रा को देखेंगे तथा शाम के समय लाल चंद कला केंद्र में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओ का दीप जलाकर शुभारम्भ करेंगे।
इसके अलावा वे प्रदर्शनी मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी करेंगे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी राज्यपाल के साथ रथ यात्रा को देखेंगे।