केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान आधारहीन बयान देकर सदन को गुमराह करने के आरोप में सरकार, राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस भेजेगी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निराधार और झूठे आरोप लगाए हैं। श्री रिजिजू ने पूछा कि राहुल गांधी ने बिना किसी पूर्व सूचना के किस आधार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
श्री रिजिजू ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी से सदन में दिए गए अपने बयानों को प्रमाणित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर आरोप लगाने के लिए भी राहुल गांधी की आलोचना की।
श्री रिजिजू ने कहा कि यह विशेषाधिकार का गंभीर उल्लंघन है और सरकार अध्यक्ष को आवश्यक नोटिस भेजेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता ने बजट पर चर्चा में कोई उपयोगी और ठोस योगदान नहीं दिया।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमरीका व्यापार समझौते पर राहुल गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए आश्वासन दिया कि सभी निर्णय किसानों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए लिए गए हैं और उनके हितों की रक्षा की गई है।