सऊदी अरब के मदीना के पास हुई बस दुर्घटना को देखते हुए जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारत दूतावास के अधिकारियों के संपर्क में है तथा यह दूतावास हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रियाद स्थित दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास सऊदी हज और उमराह मंत्रालय तथा अन्य स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। श्री रिजिजू ने बताया कि वाणिज्य दूतावास के कर्मचारियों और भारतीय समुदाय के स्वयंसेवकों का एक दल विभिन्न अस्पतालों और घटनास्थलों पर मौजूद है। उन्होंने कहा कि दूतावास और वाणिज्य दूतावास के अधिकारी संबंधित परिवारों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए तेलंगाना राज्य के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में भी हैं।