फ़रवरी 10, 2026 6:11 अपराह्न

printer

संसद के दोनों सदनों में केंद्रीय बजट-2026 पर चर्चा

राज्यसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा फिर से शुरू हो गई है। चर्चा में भाग लेते हुए शिवसेना सदस्‍य मिलिंद देवरा ने कहा कि बेहद राजनीतिक और आर्थिक उथल-पुथल भरे दौर में भारत आर्थिक विकास और स्थिरता के मामले में एक विशिष्‍ट उदाहरण है।

डीएमके पार्टी की कनिमोई ने बजट को गरीब-विरोधी बताते हुए कहा कि यह देश की आर्थिक वास्तविकताओं से दूर है। भाजपा के सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा कि बजट में आर्थिक विकास बढ़ाने, जनता की अपेक्षाएं पूरी करने और सामाजिक क्षेत्र की सभी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने को प्राथमिकता दी गई है।

इस बीच, लोकसभा में भी केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा शुरू हुई। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा कि सरकारी खर्च में कटौती की गई है और कर संग्रह स्थिर रखा गया है। उन्‍होंने कहा कि इस बजट में कॉरपोरेट्स की तुलना में व्यक्तिगत करदाताओं पर अधिक बोझ डाला गया है।

भाजपा की अपराजिता सारंगी ने कहा कि बजट सरकार की प्रतिबद्धता, दृढ़ विश्वास और निरंतरता को दर्शाता है। उन्‍होंने मुक्त व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर करने के लिए सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने बदलती वैश्विक परिदृश्‍य में समझदारी से आगे बढ़ने की अपनी क्षमताओं को दर्शाया है।