अगस्त 4, 2025 4:27 अपराह्न

printer

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और वर्तमान सांसद शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के बाद राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। उनका आज सुबह नई दिल्ली में निधन हो गया। उधर, लोकसभा में बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण अभ्यास को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बाधित रही।

            पहले स्थगन के बाद दोपहर 2 बजे जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, तो विपक्षी दल गहन पुनरीक्षण अभ्यास पर चर्चा की माँग के करते हुए आसन के सामने आ गए। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी सांसदों के हंगामे पर नाराजगी व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक 2025 और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक 2015 पर चर्चा करने का निर्णय लिया गया था। उन्होंने इन विधेयकों को खेल और एथलीटों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का सदन में हंगामा करना और कार्यवाही बाधित करना उचित नहीं है।

            खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि ये विधेयक बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सुशासन के निर्माण से खेल महासंघ बेहतर और मजबूत होगें। उन्होंने सदन से विधेयक को चर्चा और पारित करने का आग्रह किया।

            पीठासीन अधिकारी ने भी इन विधेयकों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दावेदारी पेश करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र का यह तीसरा सप्ताह है और विरोध के कारण सदन ने अब तक कोई विधेयक पारित नहीं किया है। पीठासीन अधिकारी ने सदन को यह भी बताया कि अध्यक्ष ओम बिरला ने कांग्रेस सांसद आर सुधा के साथ हुई चेन स्नैचिंग की घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। हंगामा जारी रहने पर सभापति ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले आज सवेरे 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर विपक्षी सांसदों ने विशेष गहन पुनरीक्षण और अन्य मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल चलाने की कोशिश की, लेकिन विपक्षी सदस्यों ने विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। श्री बिरला ने विपक्षी सांसदों से कहा कि प्रश्नकाल एक महत्वपूर्ण कार्य है और विपक्ष को इसमें भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही को जानबूझकर बाधित करने का प्रयास लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। श्री बिरला ने सदन के अंदर तख्तियां और बैनर दिखाने पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह का व्यवहार संसदीय नियमों के खिलाफ है। हंगामे के बीच ही श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने सरकारी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर दिया। हंगामा जारी रहने पर लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

            राज्यसभा में सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर सदस्यों ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और वर्तमान सांसद शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा कि शिबू सोरेन एक वरिष्ठ और प्रतिष्ठित जनजातीय नेता थे। उन्होंने जनजातीय समुदायों के अधिकारों और उत्थान के आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाई। हरिवंश ने कहा कि उन्होंने जीवन भर वंचितों के अधिकारों और कल्याण के लिए काम किया। उपसभापति ने कहा कि शिबू सोरेन आठ बार लोकसभा के लिए चुने गए और तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री भी रहे। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के आंदोलन में शिबू सोरेन की महत्वपूर्ण भूमिका थी। बाद में सदन ने दिवंगत नेता के सम्मान में कुछ देर मौन रखा और फिर सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

पूलसे-0532

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला