फ़रवरी 13, 2026 9:11 अपराह्न

printer

बजट सत्र का पहला चरण आज संपन्न, संसद के दोनों सदनों की बैठक नौ मार्च से फिर शुरू होगी

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। यह 9 मार्च को बजट सत्र के दूसरे संस्‍करण के लिए फिर से बैठक होगी। बजट सत्र का पहला चरण पिछले महीने की 28 तारीख को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दोनों सदनों के संयुक्त अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था। दो चरणों में आयोजित बजट सत्र का दूसरा चरण इस वर्ष 9 मार्च से 2 अप्रैल तक चलेगा।

लोकसभा में पहले स्‍थगन के बाद कार्यवाही शुरू होने पर कई मंत्रियों ने अपने मंत्रालय से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बाद, पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने सदन को स्थगित कर दिया। इससे पहले, सदन की कार्यवाही शुरू होने पर पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने पूर्व सांसद भगवान दास राठौर के निधन पर शोक व्यक्त किया। दिवंगत नेता का 21 जनवरी को निधन हो गया था। सदन ने उनके सम्मान में मौन भी रखा।

सदन में प्रश्नकाल के दौरान स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कोडीन युक्त कफ सिरप के सेवन से हुई मौतों से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर देने का प्रयास किया, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण वे अपना उत्तर पूरा नहीं कर सके। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके सहित अन्य विपक्षी सदस्य सदन के बीचोंबीच पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। उन्होंने सदस्यों से सदन को चलने देने का आग्रह किया परंतु विपक्षी सदस्यों का विरोध जारी रहा। शोरशराबे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

इस बीच, राज्यसभा में शून्यकाल और प्रश्नकाल दोनों की कार्यवाही सुचारू रूप से संपन्न हुई। सुबह  सदन की बैठक शुरू होने पर कई सदस्यों ने अपने दस्‍तावेज पटल पर रखे। राज्यसभा सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संदेश पढ़ा, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें 28 जनवरी को संसद के दोनों सदनों को दिए गए अभिभाषण के लिए सदस्यों के धन्यवाद प्रस्‍ताव प्राप्त हुए है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला