संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। आर्थिक सर्वेक्षण 2023-24 में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर साढ़े छह से सात प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान लगाया गया है। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। सर्वेक्षण के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 में निश्चित वैश्विक आर्थिक निष्पादन के बावजूद घरेलू वृद्धि कारकों ने आर्थिक विकास में मदद की है। एक रिपोर्ट-
सर्वेक्षण में कहा गया है कि उत्पाद व्यापार और सेवाओं के निर्यात में बढ़ोतरी की संभावना है। सामान्य वर्षा के पूर्वानुमान और दक्षिण पश्चिम मॉनसून के संतोषजनक प्रसार से कृषि क्षेत्र के निष्पादन में सुधार की उम्मीद है। सर्वेक्षण के अनुसार वस्तु और सेवाकर-जीएसटी और ऋण शोधन और दिवाला कानून-आईबीसी जैसे ढांचागत सुधार भी परिपक्व हो गये हैं और उनके वांछित परिणाम मिलने लगे हैं। महंगाई के बारे में रिजर्व बैंक वित्त वर्ष 2025 में मुद्रास्फीति की मुख्य दर साढ़े चार प्रतिशत और वित्त वर्ष 2026 में चार दशमलव एक प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने भारत के लिए 2024 में मुद्रास्फीति चार दशमलव छह प्रतिशत और 2025 में चार दशमलव दो प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। सर्वेक्षण में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2024 में सकल घरेलू उत्पाद की वास्तविक दर वर्ष 2020 की तुलना में बीस प्रतिशत अधिक रही है। इस वर्ष भी वृद्धि दर सुदृढ रहने की संभावना है। सर्वेक्षण के अनुसार बेरोजगारी और बहुआयामी गरीबी में कमी और श्रम बल भागीदारी में बढ़ोतरी के साथ विकास समावेशी रहा है। देश की वास्तविक जीडीपी दर में वित्त वर्ष 2024 में आठ दशमलव दो प्रतिशत वृद्धि हुई है। समाचार कक्ष से सरफिरोजी। ——–
आम बजट कल
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कल एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला आम बजट पेश करेंगी। बजट सत्र के पहले दिन संसद के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कल पेश किये जाने वाला बजट अमृत काल का महत्वपूर्ण बजट होगा।
मैं देशवासियों को जो गारंटी देता रहा हूं। क्रमशः रूप से उन गारंटीयों को जमीन पर उतरना इस लक्ष्य को लेकर के हम आगे बढ़ रहे हैं। यह बजट अमृत काल का एक महत्वपूर्ण बजट है। हमें 5 साल का जो अवसर मिला है आज का बजट हमारे उन 5 साल के कार्य की दिशा भी तय करेगा और यह बजट 2047 जब आजादी के 100 साल होंगे सब विकसित भारत का जो हमारा सपना है उस सपने को पूरा करने की मजबूत नींव वाला बजट लेकर के हम कल देश के सामने आएंगे।