श्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम नई दिल्ली में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में नई केंद्रीय मंत्रिपरिषद को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, डॉ. एस जयशंकर, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, राज्यसभा सांसद निर्मला सीतारमण और भाजपा अध्यक्ष जे.पी नड्डा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। इसके अलावा, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल सेक्युलर के सांसद एच.डी. कुमारस्वामी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी, जनता दल युनाइटेड के सांसद राजीव रंजन सिंह, असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि शपथ ग्रहण समारोह में पड़ोसी देशों और हिंद महासागर क्षेत्र के कई नेताओं ने भाग लिया।
श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जुगनाथ, नेपाल के प्रधान मंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ और भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे समारोह में शामिल हुए।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार, आंध्र प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार सहित कई गणमान्य व्यक्ति समारोह में शामिल हुए। इसके अलावा, अभिनेता रजनीकांत, शाहरुख खान, अक्षय कुमार और विक्रांत मैसी, फिल्म निर्माता राजकुमार हिरानी, उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।