मई 19, 2024 8:52 अपराह्न

printer

पश्चिमोत्‍तर भारत में भीषण गर्मी की स्थिति बनी

 

पश्चिमोत्‍तर भारत में भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है। दिल्‍ली के नजफगढ़ में आज अधिकतम तापमान 47 दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगेशपुर में उच्‍चतम तापमान 47 दशमलव सात डिग्री सेल्सियस और पीतमपुरा में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

राष्‍ट्रीय राजधानी के अधिकतर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। यह सामान्‍य से चार से छह डिग्री अधिक है।

 

मौसम विभाग के अनुसार दिल्‍ली के अधिकतर क्षेत्र पडोसी राज्‍य राजस्‍थान के शहरों की तुलना में अधिक गर्म रहे। राजस्‍थान के थार रेगिस्‍तान में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जाने के लिए भी जाना जाता है।

 

उत्‍तर प्रदेश के आगरा में अधिकतम तापमान 47 दशमलव 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्‍ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम राजस्‍थान के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने भीषण गर्मी के कारण पूर्वी राजस्‍थान, उत्‍तर प्रदेश और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

मौसम विभाग ने राजस्‍थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्‍ली के अधिकतर हिस्‍सों में बुधवार तक भीषण गर्मी की स्थिति जारी रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।