मई 18, 2024 9:01 अपराह्न

printer

संविधान में दिया गया आरक्षण आई.एन.डी.आई गठबंधन सरकार के दौरान पूर्ववत निर्धन वर्ग के लिए भी जारी रहेगा : कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे

कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि संविधान में दिया गया आरक्षण आई.एन.डी.आई गठबंधन सरकार के दौरान पूर्ववत निर्धन वर्ग के लिए भी जारी रहेगा। वे मुम्‍बई में आज आई.एन.डी.आई गठबंधन के एक संवाददाता सम्‍मेलन में बोल रहे थे। राज्‍यों द्वारा अनुशंसित आरक्षणों के विभिन्‍न प्रस्‍तावों को लेकर उन्‍होंने कहा कि आयोगों की अनुशंसाओं के बाद मामलों के आधार पर निर्णय लिए जाएंगे। श्री खरगे ने कहा कि संयुक्‍त प्रगितशील गठबंधन सरकार ने देश में खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू किया और आई.एन.डी.आई गठबंधन सरकार निर्धन नागरिकों को 10 किलो नि:शुल्‍क अनाज प्रदान करेगी तथा एकसमान जी.एस.टी. दर भी लागू करेगी। विकसित भारत के मुद्दे पर उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विभिन्‍न महत्‍वपूर्ण संस्‍थान और महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम स्‍थापित किए थे। अन्‍य देशों ने हमारे मॉडल का अपनाया है। यह जनता द्वारा संचालित जनता का चुनाव है। उन्‍होंने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि आई.एन.डी.आई गठबंधन महाराष्‍ट्र की 48 सीटों में से 46 सीट जीतेगा। उन्‍होंने चुनावी घोषणपत्र में कांग्रेस द्वारा दिए गए आश्‍वासनों को भी दोहराया।

वरिष्‍ठ नेता शरद पवार ने कहा कि आई.एन.डी.आई गठबंधन सरकार सभी धार्मिक संस्‍थानों का सम्‍मान करेगी।