मध्य प्रदेश में जिला स्तर पर संविधान दिवस पर कल कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडला में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि संविधान निर्माण के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। जिससे हमारे देश का संविधान पूर्ण तरह से लागू हो सका। श्रीमती उइके कल जिला योजना भवन में आयोजित संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी।
छिंदवाड़ा में राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय में संविधान में उल्लेखित भारतीय संस्कृति एवं कला से संबंधित चित्रों पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। नीमच जिले के शासकीय कार्यालयो में संविधान दिवस मनाया गया और संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया। अशोकनगर में कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई कक्ष में भारतीय संविधान दिवस पर संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। मंदसौर में श्री जवाहरलाल नेहरू विधि महाविद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने संविधान के विभिन्न प्रावधानों से विद्यार्थीयों को अवगत करवाया।
इसी तरह खण्डवा के गौरीकुंज सभागृह में भी संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खण्डवा विधायक श्रीमती कंचन तनवे ने संबोधित किया। पन्ना में नेहरू युवा केंद्र द्वारा शासकीय छत्रसाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय से रैली निकाली गई। इसके पहले संविधान प्रस्तावना शपथ, पद यात्रा, निबंध कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। डिंडौरी में संविधान दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में किया गया।