फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत कार्य एजेंसी ने घेराबंदी वाले क्षेत्र में मानवीय सहायता को बाधित करने वाली लूट के बाद, केरेम शालोम क्रॉसिंग के माध्यम से गाजा में अपने सहायता कार्यों को निलंबित कर दिया है। यह निर्णय पिछले महीने की 16 तारीख को सशस्त्र गिरोहों द्वारा सहायता ट्रकों के पूरे काफिले को जब्त करने के बाद लिया गया है। इसके बाद 29 नवम्बर को भी खाद्य ट्रकों को लूटा गया।
संयुक्त राष्ट्र के अनुमानों के अनुसार, गाजा में प्रवेश करने वाली एक तिहाई से अधिक सहायता सामग्री की चोरी हो रही है। इसमें अधिकांश संगठित लूटपाट, इजरायली सैन्य ड्रोन निगरानी वाले क्षेत्रों में हो रही है।
यह संकट इजरायल और संयुक्त राष्ट्र एजेंसी के बीच बढ़ते तनाव के कारण आया है। अक्टूबर में, इजरायली संसद ने एजेंसी को इजरायल में काम करने से प्रतिबंधित करने और संगठन के साथ सहयोग समाप्त करने का प्रस्ताव पारित किया था।