जून 7, 2024 12:10 अपराह्न

printer

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने म्यांमार में बढ़ते संघर्ष पर चिंता व्यक्त की

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने म्यांमार में बढ़ते संघर्ष पर गहरी चिंता व्यक्त की है। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने एक बयान में कहा कि “संयुक्त राष्ट्र पूरे म्यांमार में बढ़ती हिंसा पर बेहद चिंतित है और म्यांमार सेना के हालिया हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिसमें कथित तौर पर रखाइन और सागांईंग सहित अनेक इलाकों में कई नागरिक मारे गए हैं।”

 

2021 में सत्ता पर कब्जा करने के बाद से म्यांमार सेना सबसे बड़े राष्ट्रव्यापी सशस्त्र प्रतिरोध को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।

 

श्री गुटेरेस ने मानवाधिकार उल्लंघनों और अंधाधुंध हवाई हमलों का हवाला देते हुए सभी समुदायों की रक्षा करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया है। बयान में कहा गया है कि “जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।”

 

संयुक्‍त राष्ट्र महासचिव ने संघर्ष में शामिल सभी पक्षों से संयम बरतने और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के अनुसार नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया है।