मार्च 1, 2026 8:09 पूर्वाह्न

printer

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतेरस ने ईरान पर किए गए हवाई हमलों की निंदा की

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतेरस ने ईरान पर अमरीका और इस्राएल द्वारा किए गए हवाई हमलों की निंदा की है। उन्‍होंने खाड़ी क्षेत्र तथा विश्व को एक बड़े युद्ध से बचाने के लिए तत्काल बातचीत शुरू करने का आह्वान किया है। श्री गुतेरस ने कहा कि अमरीका और इस्राएल द्वारा किए गए हवाई हमले संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं।

   

श्री गुतेरस ने ईरान के जवाबी हमलों की भी निंदा करते हुए कहा कि इनसे बहरीन, इराक, जॉर्डन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन हुआ है।

   

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपातकालीन बैठक को संबोधित करते हुए श्री गुतेरस ने कहा कि तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि इसका विकल्प एक संभावित व्यापक संघर्ष है जिसके नागरिकों और क्षेत्रीय स्थिरता पर गंभीर परिणाम होंगे।

   

संयुक्त राष्ट्र में अमरीका के राजदूत माइक वाल्ट्ज़ ने अमरीकी सैन्य कार्रवाई वैध बताया। सुरक्षा परिषद उन्होंने कहा कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता। उन्होंने कहा कि यह सिद्धांत राजनीति का नहीं, बल्कि वैश्विक सुरक्षा का विषय है।

   

इस्राएल के संयुक्त राष्ट्र राजदूत डैनी डैनन ने हवाई हमलों का बचाव करते हुए उन्‍होंने कहा कि  इस्राएल के अस्तित्व को बचाये रखने के लिए यह हमला जरूरी था। उन्होंने कहा कि इस्राएल चरमपंथ को अनियंत्रित होने से पहले ही रोक रहा है।

 

डैनी ने कहा कि इस्राएल यह सुनिश्चित करेगा कि परमाणु हथियारों और बैलिस्टिक मिसाइलों से लैस कोई भी कट्टरपंथी शासन उसके लोगों या पूरी दुनिया को धमकी न दे सके।

   

संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने परिषद को बताया कि हवाई हमलों में सैकड़ों ईरानी नागरिक मारे गए और घायल हुए हैं, जिसे उन्होंने युद्ध अपराध तथा मानवता के खिलाफ अपराध बताया। इरावानी ने संयुक्त राष्ट्र और सुरक्षा परिषद की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने हाल के हफ्तों में अमरीका द्वारा युद्ध भड़काने वाले बयानों के बारे में ईरान की चेतावनियों पर ध्यान नहीं दिया साथ ही उन्‍होंने परिषद से तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह भी किया।