अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों को पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच सतर्क और शांत रहने, अधिकारियों के सुरक्षा दिशानिर्देशों और सलाहों का पालन करने की सलाह दी है। असाधारण परिस्थितियों को देखते हुए हवाई क्षेत्र और नियमित निर्धारित उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित हैं।
हालांकि, भारतीय और संयुक्त अरब अमीरात की एयरलाइंस ने भारत के लिए सीमित गैर-निर्धारित उड़ान संचालन शुरू कर दिया है। दूतावास ने कहा कि फंसे हुए भारतीय नागरिक इन उड़ानों का लाभ उठा सकते हैं।
28 फरवरी के बाद फंसे हुए और जिनके वीजा की अवधि समाप्त हो गई है, उनके लिए संयुक्त अरब अमीरात ने असाधारण परिस्थितियों के कारण अतिरिक्त प्रवास के जुर्माने में छूट की घोषणा की है।
अबू धाबी और दुबई दूतावास तथा उनकी आउटसोर्स पासपोर्ट, कांसुलर और वीजा सेवाएं सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं। संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय नागरिक किसी भी समस्या के लिए चौबीसों घंटे चलने वाली टोल-फ्री हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं। नंबर हैं 800-46342 और व्हाट्सएप नंबर हैं +971 543090571, आप ईमेल pbsk.dubai@mea.gov.in और ca.abudhabi@mea.gov.in से भी संपर्क कर सकते हैं।