संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत की। यह बातचीत अबूधाबी में संयुक्त अरब अमीरात की मेजबानी में अमरीका-रूस-यूक्रेन राजनयिक प्रयासों के बीच हुई है।
रूस में हुई बैठक में संयुक्त अरब अमीरात-रूस रणनीतिक भागीदारी को मजबूत करने और व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। शेख मोहम्मद ने आशा व्यक्त की कि वर्ष 2026 रूस के लिए प्रगति का वर्ष होगा और द्विपक्षीय संबंधों में निरंतर विकास होगा।
दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया। शेख मोहम्मद ने संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए संयुक्त अरब अमीरात की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
शेख मोहम्मद ने रूस और यूक्रेन के बीच कैदियों की अदला-बदली में संयुक्त अरब अमीरात के मध्यस्थता प्रयासों का समर्थन करने के लिए राष्ट्रपति पुतिन का धन्यवाद दिया। श्री पुतिन ने रूस, यूक्रेन और अमरीका के बीच त्रिस्तरीय वार्ता को सुविधाजनक बनाने में संयुक्त अरब अमीरात की भूमिका की सराहना की।
इससे पहले, रूस, यूक्रेन और अमरीका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता का पहला दौर अबूधाबी में 23 और 24 जनवरी को आयोजित हुआ था। इसमें वैश्विक संघर्षों में एक विश्वसनीय मध्यस्थ के रूप में संयुक्त अरब अमीरात की बढ़ती भूमिका को उजागर किया गया।
यह त्रिपक्षीय वार्ता क्षेत्रीय मुद्दों, सुरक्षा गारंटी और राजनीतिक समाधानों पर केंद्रित रही, लेकिन इसका कोई निर्णायक निष्कर्ष नहीं निकला। दूसरे दौर की वार्ता रविवार को हो सकती है।