मार्च 22, 2026 9:11 अपराह्न

printer

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा ईरान से दागी गई 4 बैलिस्टिक मिसाइलें और 25 ड्रोन हवाई रक्षा प्रणाली ने मार गिराए

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि आज दोपहर ईरान से दागी गई चार बैलिस्टिक मिसाइलों और 25 ड्रोन को उसकी हवाई रक्षा प्रणाली ने रोक दिया। कई शहरी इलाकों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। एक अलग घटना में, ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन केंद्र ने शारजाह तट से लगभग 15 समुद्री मील दूर एक मालवाहक पोत के पास एक मिसाइल के विस्फोट की सूचना दी। पोत पर सवार सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं।

लेबनान में, इस्राएली सेना ने हवाई और जमीनी अभियान तेज कर दिया है। सेना ने लिटानी नदी पर बने पुलों पर हमले की पुष्टि की है, जिनका उद्देश्य हिजबुल्लाह के आपूर्ति मार्गों को बाधित करना है। रणनीतिक रूप से महत्‍वपूर्ण शहर खियाम के आसपास लड़ाई तेज हो गई है, जबकि संघर्ष शुरु होने के बाद से लेबनान में मरने वालों की कुल संख्या अब एक हजार से अधिक हो गई है। इस्राएल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ईरान समर्थित गुटों पर दबाव और बढ़ेगा।

इस बीच, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर -आईआरजीसी ने अपने ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 की घोषणा की है, जिसमें तेल अवीव, पेटाह टिकवा, होलोन और रामत गान में सैन्य और सुरक्षा स्थलों को निशाना बनाते हुए भारी मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। आईआरजीसी ने यह भी दावा किया कि उसने सऊदी अरब में प्रिंस सुल्तान एयर बेस, बहरीन में अमरीकी फिफ्थ फ्लीट बेस और इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र में स्थित ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए हैं।

राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने 48 घंटे का अल्टीमेटम जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य को अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए पूरी तरह से नहीं खोला गया तो अमरीका ईरान के बिजली संयंत्रों को नष्ट करने के लिए तैयार है। रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि पेंटागन और अमरीकी प्रशासन ईरान के खारग द्वीप तेल टर्मिनल को निशाना बनाने वाले संभावित अभियानों के लिए आकस्मिक योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। अमरीका ने वहां सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं, लेकिन आज तक तेल बुनियादी ढांचे के लिए विशेष रूप से योजनाओं को अंतिम रूप नहीं दिया है या उनकी पुष्टि नहीं की है। क्षेत्रीय कूटनीतिक तनाव को बढ़ाते हुए, कुवैत ने ईरानी मिसाइल गतिविधि के कारण खतरनाक हवाई क्षेत्र व्यवधानों के संबंध में अंतर्राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन में औपचारिक शिकायत दर्ज की है।