श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने तीन महत्वपूर्ण पहलों को मंजूरी दी है। इनमें मां शक्ति की आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय की स्थापना, विश्व भर के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों से प्रेरित अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो और माता वैष्णो देवी मंदिर पर एक वृत्तचित्र का निर्माण शामिल है।
बोर्ड ने रिक्त पदों को भी भरने का निर्णय लिया है। भर्ती प्रक्रिया शीघ्र ही शुरू होगी। श्राइन बोर्ड ने आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को नीट परीक्षा की निःशुल्क तैयारी कराने के लिए कोचिंग सेंटर स्थापित करने की भी अनुमति दी है। श्राइन बोर्ड ने राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण के निर्देशों के अनुरूप, माता वैष्णो देवी मार्ग पर सेवा देने वालों के लिए पुनर्वास योजना के निर्माण और चरणबद्ध कार्यान्वयन को मंजूरी दी है।
श्राइन बोर्ड ने क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं और युवा उद्यमियों से खरीदारी को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया है। बोर्ड ने जम्मू क्षेत्र में खेल विकास को बढ़ावा देने का भी निर्णय लिया है। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए, बोर्ड ने प्रति तीर्थयात्री बीमा कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की मंजूरी दी।