श्रीलंका की सरकार चक्रवात दित्वाह से प्रभावित सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को सहायता देने के लिए 95 अरब रुपये का रियायती ऋण पैकेज शुरू करने की तैयारी कर रही है। इस भीषण तूफान के कारण कई क्षेत्रों में आजीविका और व्यवसाय बाधित हो गये हैं। बारह निजी बैंकों ने 3 प्रतिशत ब्याज ऋण योजना में शामिल होने के लिए आवेदन किया है। इसे वर्तमान में श्रीलंका के स्वामित्व वाले बैंकों के माध्यम से लागू किया जा रहा है।
श्रीलंका के वित्त मंत्रालय में विकास वित्त विभाग के महानिदेशक मंजुला हेत्तियाराची ने कहा कि निजी बैंकों के साथ समझौतों पर 15 जनवरी तक हस्ताक्षर होने की आशा है। इससे राहत वित्तपोषण तक पहुंच का विस्तार होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य चक्रवात और व्यापक आर्थिक संकट से प्रभावित लगभग 1 लाख तीस हजार उद्यमियों की सहायता करना है।
पात्र सूक्ष्म, लघु और मध्यम-उध्यम छह महीने की छूट अवधि और तीन साल की चुकौती अवधि के साथ 1 करोड़ रुपये तक के कार्यशील पूंजी ऋण प्राप्त कर सकते हैं। केंद्रीय बैंक ने प्रभावित उधारकर्ताओं के लिए छह महीने की ऋण स्थगन और ऋण पुनर्गठन उपायों की भी घोषणा की है।