श्रीलंका में कार्यरत भारतीय कंपनियों ने चक्रवात दित्वाह से प्रभावित समुदायों को 90 करोड़ श्रीलंकाई रुपये से अधिक की मानवीय सहायता प्रदान की है। यह चक्रवात नवंबर और दिसंबर 2025 में द्वीप से टकराया था। इंडियन सीईओ फोरम के अध्यक्ष किशोर रेड्डी ने कहा कि भारत के ऑपरेशन सागर बंधु के साथ मिलकर चलाए गए राहत कार्य के अन्तर्गत 40 से अधिक दूरस्थ गांवों तक सहायता पहुंचाई गई तथा प्रभावित परिवारों को आपातकालीन सहायता प्रदान की गई है।
भारत का ऑपरेशन सागर बंधु चक्रवात से प्रभावित समुदायों के लिए एक उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। नई दिल्ली ने श्रीलंका के पुनर्निर्माण प्रयासों में सहयोग बढ़ाने से पहले बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता प्रदान की। श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने पिछले सप्ताह संवाददाताओं को बताया कि भारतीय कंपनियों ने पुनर्निर्माण कोष में एक करोड़ अमरीकी डॉलर का योगदान भी दिया है, जो द्वीप राष्ट्र में पुनर्निर्माण के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।