श्रीलंका ने बागान श्रमिकों के लिए वेतन में ऐतिहासिक वृद्धि की घोषणा की है, जो इस समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण सहयोग है। बागान और सामुदायिक अवसंरचना मंत्रालय में आज हस्ताक्षरित एक समझौते के अनुसार, मूल दैनिक वेतन 1,350 रुपये से बढ़ाकर 1,550 रुपये कर दिया गया है, साथ ही 200 रुपये का दैनिक उपस्थिति भत्ता भी दिया जाएगा, जिससे कुल दैनिक आय 1,750 रुपये हो जाएगी। ये बागान श्रमिक भारतीय मूल के तमिल हैं, जिन्हें लगभग 200 साल पहले बागानों में काम करने के लिए भारत से श्रीलंका लाया गया था और तब से वे द्वीप के बागान क्षेत्रों में ही रह रहे हैं।
यह निर्णय राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के वर्ष 2025 के बजट प्रस्तावों और क्षेत्रीय बागान कंपनियों के साथ लंबी चर्चाओं के बाद लिया गया है। श्रीलंका सरकार ने इस वृद्धि के लिए वर्ष 2026 के बजट में 5,000 मिलियन रुपये आवंटित किए हैं। भारत ने श्रीलंका के बागान क्षेत्र में भारतीय मूल के तमिल लोगों की सामाजिक-आर्थिक स्थितियों में सुधार लाने के उद्देश्य से की गई पहलों का लगातार समर्थन किया है।