श्रीलंका के सभी 25 जिलों से तीन सौ स्कूल विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित महात्मा गांधी छात्रवृत्ति दी गई। कोलंबो में शिक्षा मंत्रालय में कल आयोजित विशेष कार्यक्रम में श्रीलंका के प्रधानमंत्री डॉ हरिनी अमर सूर्या ने ये स्कॉलरशिप प्रदान की। उप शिक्षा मंत्री डॉ मधुरा सेनेविराथना और भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त डॉ सत्यांजल पांडे भी इस अवसर पर उपस्थित थे। छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रत्येक जिले के छह प्रतिभाशाली और जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रतिमाह ढाई हजार श्रीलंकाई रूपए की छात्रवृत्ति मिलेगी। श्रीलंका के प्रधानमंत्री अमरसूर्या ने निरंतर सहयोग के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हुए महात्मा गांधी के आदर्शों का उल्लेख किया और विद्यार्थियों को उनके जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेने को कहा। उन्होंने कहा कि ये छात्रवृत्ति केवल वित्तीय सहायता नहीं है बल्कि यह जीवन पर्यंत महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने के लिए विशेष प्रेरणा है। भारत श्रीलंका के विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए विभिन्न छात्रवृत्ति और प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से क्षमता निर्माण के एक हजार से अधिक अवसर उपलब्ध कराता है।
News On AIR | फ़रवरी 10, 2026 10:43 पूर्वाह्न
श्रीलंका के 25 जिलों के 300 स्कूली विद्यार्थियों को महात्मा गांधी छात्रवृत्ति प्रदान