जनवरी 8, 2026 8:45 पूर्वाह्न

printer

श्रीलंका के मौसम विभाग ने खराब मौसम की चेतावनी दी

श्रीलंका के मौसम विभाग ने खराब मौसम की चेतावनी दी है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र श्रीलंका के करीब आ रहा है। इससे भारी बारिश, तेज़ हवा आदि की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि यह अगले 12 घंटों में तेजी से अत्‍यधिक दबाव में बदल सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि यह सिस्टम कल रात 11:30 बजे पूर्वी तट पर पोट्टुविल से लगभग 490 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था। इसके अगले 24 घंटों में श्रीलंका के पूर्वी तट की ओर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने का अनुमान है।

श्रीलंका के ज़्यादातर हिस्सों में कल बादल छाए रहने और ज़्यादातर हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश या गरज के साथ बारिश का अनुमान है। पूर्वी और उवा प्रांतों में 100 मिलीमीटर से ज़्यादा भारी बारिश का अनुमान है। मध्य पहाड़ियों और पश्चिमी जिलों सहित कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। श्रीलंका अभी भी चक्रवात डिटवाह की परेशानियों से उबर रहा है, जो नवंबर 2025 में द्वीप से टकराया था।