अगस्त 26, 2025 8:35 पूर्वाह्न

printer

श्रीलंका के पूर्व राष्‍ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को आज कोलंबो की एक अदालत में पेश किया जाएगा

श्रीलंका के पूर्व राष्‍ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को आज कोलंबो की एक अदालत में पेश किया जाएगा। वे श्रीलंका के पहले राष्ट्रपति हैं जिन्हें भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। उन्‍हें 26 अगस्‍त तक हिरासत में रखा गया था। डॉक्टरों द्वारा स्‍वास्‍थ्‍य परिक्षण के बाद उन्‍हें पहले जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में राष्ट्रीय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

 

श्री विक्रमसिंघे को 22 अगस्त को आपराधिक जाँच विभाग ने सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार किया था। यह मामला सितंबर 2023 में ब्रिटेन की यात्रा से संबंधित है, जहाँ वे और उनकी पत्नी, प्रोफेसर मैत्री विक्रमसिंघे, वॉल्वरहैम्प्टन विश्वविद्यालय में एक समारोह में शामिल हुए थे। यह यात्रा हवाना से लौटते समय हुई, जहाँ उन्होंने G-77 शिखर सम्मेलन में भाग लिया था।

 

पूर्व राष्ट्रपति का कहना है कि उनकी पत्नी ने अपना खर्च खुद उठाया और किसी भी सरकारी धन का इस्तेमाल नहीं किया गया। हालाँकि उन पर आरोप है कि सरकारी धन से उनकी निजी यात्रा और सुरक्षा पर खर्च किया गया था।