जनवरी 25, 2026 8:04 पूर्वाह्न

printer

शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र का आधार है: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र का आधार है। इसके लिए मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शुरू किया गया है। एस.आई. आर. का उद्देश्य मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम जोड़ना और प्रत्येक अयोग्य व्याक्ति का नाम हटाना सुनिश्चित करना है। श्री कुमार ने कहा कि एस.आई. आर. बिहार में सफलतापूर्वक पूरा किया गया है और इस समय 12 राज्यों तथा केन्द्राशासित प्रदेशों में यह कार्य चल रहा है।

उन्होंंने कहा कि बाकी राज्यों में भी एस.आई.आर. जल्द ही शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बिहार में अंतिम मतदाता सूची को लेकर एक भी अपील दायर नहीं की गई है। इससे एस.आई.आर. की शुचिता और विश्वसनीयता साबित होती है। डिजिटल युग के महत्व पर जोर देते हुए श्री कुमार ने कहा कि आयोग ने ई.सी.आई. नेट ऐप के माध्येम से नागरिकों के लिए एक ही प्लेटफॉर्म मतदाता सेवा उपलब्ध कराई है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से आयोग की तकनीकी प्रतिबद्धता और प्रशासनिक क्षमता प्रदर्शित होती है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने यह भी कहा कि हाल में सम्पन्न‍ लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन से संबंधित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में 70 से अधिक देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रमुखों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अलावा कई देशों के राजदूत भी सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल भारत की वैश्विक प्रतिबद्धता को परिलक्षित करती है बल्कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर मजबूत नेतृत्व को भी स्थापित करती है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने युवा मतदाताओं से मतदान करने और लोकतंत्र का दूत बनने का अनुरोध किया। उन्होंने युवाओं से भ्रमित और गलत जानकारी का विरोध करने को भी कहा।