महाराष्ट्र में शिवसेना (उद्धव गुट) के विधान परिषद सदस्य आमशा पडवी आज मुंबई में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हो गए। श्री पडवी नंदूरबार जिले के शिवसेना के आदिवासी चेहरा थे। वे कई वर्षों से शिवसेना से जुडे हुए थे और नंदूरबार जिले में पार्टी की गतिविधियां चला रहे थे। 2022 के विधान परिषद चुनाव में उद्धव ठाकरे ने पार्टी के कई बड़े नेताओं को दरकिनार करके श्री पडवी को विधान परिषद का सदस्य नामित किया था। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विद्रोह के बाद 40 विधायक उनके साथ हो गये थे लेकिन पडवी ठाकरे के वफादार बने रहे।