मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

दिसम्बर 23, 2024 4:47 अपराह्न

printer

शिमला में सीजन की दूसरी बर्फबारी, पर्यटकों खुशी से झूमे

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली और राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है।  जबकि निचले और मैदानी हिस्सों में बारिश हो रही है।राजधानी शिमला में भी बर्फबारी हो रही है।
 
 
इससे सर्दी का सितम और भी तेज़ हो गया है। शिमला के प्रसिद्ध रिज मैदान और मॉल रोड पर बर्फ के सफेद फाहे गिर रहे हैं। बाहरी राज्यों से उमड़े पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे हैं। इसके अलावा शिमला से सटे पर्यटन स्थल कुफ़री और नारकण्डा में भी हल्की बर्फबारी हो रही है। यह बर्फबारी पर्यटकों, किसानों और बागवानों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है। 
 
 
मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में तीन दिन यानी 24 से 26 दिसम्बर तक शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस अवधि में मंडी और बिलासपुर जिलों के मैदानी स्थानों पर घने कोहरे का येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की रिपोर्ट के मुताबिक आज व कल राज्य में वर्षा व बर्फ़बारी का अनुमान है।
 
 
27 से 29 दिसंबर तक हिमाचल प्रदेश में दोबारा से बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।  सोमवार को राज्य के छह शहरों का न्यूनतम तापमान माइनस में रिकॉर्ड किया गया। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम पारा -10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा।