रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में दिशोम गुरु के निधन पर शोक की लहर है। आज होने वाले उनकी अंत्येष्टि को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि गुरुजी झारखंड की आत्मा थे और उनका जाना आम जनमानस और पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।
गिरिडीह जिले में भी दिवंगत नेता के निधन पर शोक की लहर है और कल समाहरणालय परिसर में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। झामुमो कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इधर दुमका स्थित संताल परगना प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के सभागार में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर शोकसभा और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। प्रमंडलीय आयुक्त लालचन्द डाडेल की अध्यक्षता में आयोजित सभा में अधिकारियों-कर्मचारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।