मार्च 5, 2026 2:30 अपराह्न

printer

ईरान ने इज़राइल के दिमोना परमाणु संयंत्र को निशाना बनाने की चेतावनी दी

ईरान ने कहा है कि अगर इज़राइल और अमरीका ईरान के शासन को समाप्‍त करने की कोशिश करते हैं तो वह इज़राइल के दिमोना परमाणु संयंत्र को निशाना बनाएगा। ईरान की यह चेतावनी इज़राइल के विदेश मंत्री इज़राइल काट्ज के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्‍होंने कहा था कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर अब हमारे निशाने पर होंगे। 

इस बीच, ईरान ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर द्वारा शुरू किए गए “ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4” के 19वें चरण के तहत मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। इज़राइली रक्षा बलों ने कहा कि ईरान से इज़राइल की ओर कई मिसाइलें दागी गईं। इज़राइली रक्षा बलों ने कहा कि उसके रक्षा तंत्र खतरे को रोकने के लिए काम कर रहे हैं और गृह मोर्चा कमान ने संबंधित क्षेत्रों में मोबाइल फोन पर सीधे प्रारंभिक निर्देश जारी किए हैं। मध्य इज़राइल, यरुशलम क्षेत्र और वेस्ट बैंक के कुछ हिस्सों में सायरन बजने लगे हैं।