कल शनिवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के अबूझमाड़ इलाके में माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद जवान नितेश एक्का को आज चौथी बटालियन माना में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर को कंधा देकर ससम्मान उनके गृहग्राम जशपुर जिले के चिरईडांड के लिए रवाना किया। श्री साय ने इस दौरान शहीद जवान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी और हम क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही हमने माओवादियों के खिलाफ लड़ाई तेज कर दी है और हम निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज रायपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचकर कल हुई मुठभेड़ में घायल जवानों से भी मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
Site Admin | जून 16, 2024 8:11 अपराह्न
शहीद जवान नितेश एक्का को आज चौथी बटालियन माना में श्रद्धांजलि अर्पित की गई