फ़रवरी 10, 2026 10:14 अपराह्न

printer

शशि थरूर ने बजट की आलोचना की, भाजपा ने बताया विकासोन्मुख

लोकसभा में केंद्रीय बजट पर कल भी चर्चा जारी रहेगी। आज कांग्रेस सदस्‍य शशि थरूर ने बजट की आलोचना करते हुए कहा कि सरकारी खर्च में कमी आई है और कर संग्रह स्थिर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वर्ष के बजट में बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई और असमानता को नजरअंदाज किया गया है। श्री थरूर ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित धनराशि के कम उपयोग का मुद्दा भी उठाया।

भाजपा की अपराजिता सारंगी ने कहा कि यह बजट सरकार की प्रतिबद्धता, दृढ़ विश्वास और निरंतरता को दर्शाता है। उन्होंने कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर करने के लिए सरकार की सराहना की। भाजपा सदस्‍य ने कहा कि भारत ने बदलते वैश्विक परिदृश्‍य में समझदारी से आगे बढ़ने की अपनी क्षमताओं को दर्शाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बजट में सार्वजनिक पूंजीगत व्यय को प्राथमिकता दी है और इसे बढ़ाकर 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक कर दिया गया है, जो 2014 में 2 लाख करोड़ रुपये था। समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने बजट को दिशाहीन बताया है। उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बजट सामाजिक और आर्थिक असमानता को दूर नहीं करता है। श्री यादव ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब गरीब और अमीर, दोनों को समानता का अधिकार मिले।

तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल को एक लाख 90 हजार करोड़ रुपये की बकाया राशि नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि संविधान राज्यों के बीच समानता का आश्‍वासन देता है, लेकिन केंद्र सरकार पक्षपात कर रही है। श्री बनर्जी ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार उन राज्यों को ही धनराशि दे रही है, जहां भाजपा और उसके सहयोगी दल सत्ता में हैं, लेकिन विपक्षी दल वाले राज्यों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।

शिवसेना- यूबीटी के अनिल देसाई ने केंद्र सरकार पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और बीमा एजेंसियों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार की विनिवेश योजनाओं और नए श्रम कानूनों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों की चिंताओं पर ध्‍यान नहीं दे रही है। राष्ट्रीय जनता दल के अभय कुमार सिन्हा ने बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दों पर सरकार की आलोचना की। जनता दल यूनाइटेड के दिलेश्वर कामायत ने एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार जन कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है और रोजगार प्रदान करने के प्रयास जारी हैं।

भाजपा की डॉ. डी. पुरंदेश्वरी ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक पूंजीगत व्यय बढ़ाया गया है और निवेश पर ध्यान केंद्रित किया गया है। डीएमके पार्टी के टीआर बालू, टीडीपी के बस्तीपति नागराजू, एनसीपी (एसपी) के बजरंग मनोहर सोनावणे, वाईएसआर-सीपी के वाईएस अविनाश रेड्डी, कांग्रेस के कार्ति पी चिदंबरम, भाजपा के जगदीश शेट्टार, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के मियां अल्ताफ अहमद और टीएमसी के सौगत रॉय ने भी चर्चा में भाग लिया। चर्चा अ‍धूरी रही। सदन की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।