शनिवार को विजयदशमी पर्व मनाने के साथ ही आज से राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम जारी है। सुबह से चल समारोह आयोजित हो रहे हैं। इसको देखते हुए सुरक्षा और यातायात के सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भोपाल शहर में पांच दिन तक चलेगा। जिससे जिला प्रशासन ने 7 घाटों पर विसर्जन के लिए इंतजाम किए हैं। इसके चलते सुबह 8 बजे से भारी वाहनों, 9 बजे से प्रतिमा विसर्जन और शाम 5 बजे से शहर के अंदर चलने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक परिवर्तित मार्ग से चलेगा।
वहीं हमारे अशोकनगर संवाददाता ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान जिले के ओडेर गांव का एक युवक कोचा नदी के घाट पर डूब गया। एसडीआरएफ द्वारा रेस्क्यू किया जा रहा है। एक अन्य जानकारी में दतिया जिले के ग्राम पचेरा में कल देर रात तीन युवक सिंध नदी में बह गए थे। इनमें दो को बचा लिया गया और एक की मृत्यु हो गई।